अलाद्दीन के चिराग और जिन्न की कहानी आपने जरूरी पढ़ी या सुनी होगी। ख्याल कीजिए अगर अलाद्दीन का चिराग आपको मिल जाता तो आप क्या करते। हो सकता है कि आप उसे कहते कि बिना कौन बनेगा करोड़पति खेले ही रातों रात करोड़पति बना दे। लेकिन मलेर कोटला के एक पीर को जब जिन्न मिला तो वह जिन्न से ऐसा काम करवाने लगे जिससे उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी।
मलेर कोटला के पीर हैदर शेख के विषय में कई कथाएं प्रचलित हैं। इनमें से एक कथा के अनुसार पीर हैदर शेख एक मसजिद के मौलवी थे। एक बार इन्हें एक किताब मिली जिसमें जिन्नों को बुलाने की विधि लिखी हुई थी। पीर हैदर ने किताब में लिखी विधियों के अनुसार जिन्न को बुलाने के उपाय किये। कुछ ही दिनों में जिन्न उनके सामने उपस्थित हो गया। जिन्न ने पीर से पूछा, क्या हुक्म है। इस पर पीर हैदर ने कहा तुम मेरे लिए क्या कर सकते हो। जवाब में जिन्न ने कहा आपके एक हुक्म पर हम दुनिया का हर काम कर सकते हैं। पीर ने जिन्न से कहा कि कोई सुन्दर सी लड़की लेकर आओ।
पीर के कहने पर जिन्न एक नवविवाहिता की डोली उठा लाया। इसके बाद यह सिलसिला काफी दिनों तक जारी रहा। जिन्न पीर के कहने पर नवविवाहिता स्त्री को उठा लाता और अगले दिन उसे घर छोड़ आता। एक दिन पीर ने सुना कि दिल्ली के बादशाह की राजकुमारी बहुत ही सुंदर है। पीर हैदर ने जिन्न से कहा दिल्ली के बादशाह की राजकुमारी उठाकर ले आओ। जिन्न ने पीर की आज्ञा का पालन किया।
बादशाह को जब इस बात की जानकारी मिली की राजकुमारी गायब है तो उसने एक तांत्रिक को बुलवाया। तांत्रिक ने बताया कि राजकुमारी को पीर हैदर शेख के कहने पर जिन्न उठाकर मलेरकोटला ले गये हैं। बादशाह ने अपने सैनिकों को मलेर कोटला पर आक्रमण करके पीर को बंदी बनाने का आदेश दिया। पीर ने अपनी रक्षा के लिए जिन्न से कहा कि एक किला बना दो। जिन्न ने रात भर में ही किला तैयार कर दिया। बादशाह के सैनिक जब किला के पास पहुंचे तो जिन्न ने सैनिकों को मार-पीट का भाग दिया।
इसके बाद बादशाह ने एक सिद्घ तांत्रिक को बुलाया जिसने काला जादू करके पीर को जान से मार दिया। ऐसा माना जाता है कि हैदर शेख के मरने के बाद भी जिन्न उसकी मजार पर हाजिरी देते हैं। यहां हर गुरूवार मेला लगता है और भूत-प्रेत एवं ऊपरी चक्कर से परेशान लोगों का इलाज किया जाता है। मान्यता है कि जो व्यक्ति पीर हैदर शेख की मजार पर आता है उसे जिन्न कभी परेशान नहीं करते हैं।
बताइये, आप पीर हैदर शेख की जगह होते तो क्या करते।