आपने सितारों को लेकर लोगों की दीवानगी देखी होगी। कभी कोई अपना सबकुछ बेचकर उनसे मिलने पहुंच जाता है, तो कभी कोई खून से खत लिखने लगता है। लेकिन इन मोहतरमा के चक्कर में तो इस बेचारे कुत्ते की जान चली गई।
डेलीमेल की खबर के अनुसार, एक ऐसी ही प्रशंसक ने ब्रिटिश ब्वॉय बैंड के प्यार में अपने कुत्ते को क्रूरता से मार डाला। दरअसल इस लड़की ने इस बैंड को ट्वीट किया कि अगर उन्होंने उसे जवाब नहीं दिया तो वो अपने कुत्ते की गर्दन तोड़ डालेगी।
न केवल ये संदेश लिखा बल्कि एक फोटो भी भेजी जिसमें उसने कुत्ते का सिर जमीन पर दबाया हुआ था।
चिनहुआहुआ कुत्ते की ये तस्वीर उसने करीब दो हफ्ते पहले पांच लड़को वाले इस बैंड को भेजी थी। लेकिन आप खुद ही सोचिए कि जिनके पास लाखों-करोड़ों ट्वीट आते हों उनके लिए जवाब देना कितना मुश्किल होगा।
ग्रुप की तरफ से लड़की को कोई जवाब नहीं भेजा गया। इसके बाद इस लड़की ने बैंड के एक सदस्य लियाम पायने को सोशल नेटवर्किंग साइट पर लिखा कि वो उससे बहुत प्यार करती है और उसका कुत्ता अभी-अभी मर गया।
इसके साथ ही उसने एक तस्वीर भी भेजी जिसमें उसका कुत्ता उसकी गोद में है और वो रो रही है। हालांकि बैंड के नाम पर इस तरह के धमकी भरे संदेश आना बहुत सामान्य है।
हालांकि इस मामले पर बैड की तरफ से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।