सोशल मीडिया अब यारी दोस्ती के साथ साथ
सोशल कॉज भी करने लगा है। हाल ही में फेसबुक फोटो की गवाही पर पुलिस ने
छेड़छाड़ करने वाले मनचलों को सलाखों के भीतर पहुंचा दिया। मामला बंगलूरु का हैं जहां पुलिस ने भी होशियारी दिखाते हुए फेसबुक पर लगाए गए एक फोटो के आधार पर शिकायत दर्ज और छेड़छाड़ करने वालों को सलाखों के भीतर पहुंचा दिया।
सोशल कॉज का ये वाकया फेसबुक पर अक्षय नामक युवक की पोस्ट के आधार पर आगे बढ़ा। अक्षय किंगर ने शनिवार को दो मनचलों को लड़कियों से छेड़छाड़ करते हुए देखा तो इस घटना की फोटो खींचकर फेसबुक पर डाल दी।
बकौल अक्षय, शनिवार दोपहर को वो अपनी दो महिला दोस्तों के साथ रेहजा रेसीडेंसी के पास के सिग्नल पर खड़ा था कि दो शोहदों ने उसकी महिला दोस्तों के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। अक्षय ने शुरू में तो विरोध किया लेकिन अकेला होने के चलते वो ज्यादा विरोध नहीं कर पाया। हालांकि उसने इस छेड़खानी की फोटो खींचकर फेसबुक पर अपलोड कर दी। यही नहीं अक्षय ने पोस्ट में लोगों से इस मामले में मदद की अपील भी कर डाली।
अक्षय द्वारा पोस्ट फोटो में छेड़खानी के साथ साथ शोहदों की मोटरसाइकिल भी आ गई और फोटोग्राफ में उसका नंबर भी दिख रहा था। अपनी पोस्ट में अक्षय ने कहा कि वो पुलिस से प्रार्थना करता है कि इस आधार पर लड़कियों का बयान लेकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
अक्षय द्वारा की गई पोस्ट से फेसबुक पर धड़ाधड़ मैसेज आने लगे और जल्द ही यह फेसबुक आंदोलन बन गया। इस पोस्ट को 18555 लोगों ने लाइक किया और 6687 लोगों ने इसे अपने वॉल पर शेयर किया। जल्द ही बंगलूरु पुलिस के पास भी इस पोस्ट की खबर पहुंची और पुलिस ने मोटरसाइकिल के नंबर को खोज निकाला।
बंगलूरु पुलिस ने पोस्ट के दो दिन भीतर ही शोहदों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया और अपने फेसबुक वॉल पर इसकी जानकारी भी दी। फिलहाल शोहदों से पूछताछ जारी है।
बंगलूरु पुलिस के अनुसार अक्षय के इस पोस्ट ने समाज को अपराध के खिलाफ जागरुक किया और अपराध को शिकंजे में लाने में पुलिस को मदद की। दूसरी तरफ फेसबुक पोस्ट को आधार बनाकर अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस की भी प्रशंसा की जा रही है।