नया साल आने ही वाला है। आप भी मॉडलों और सितारों के कैलेंडर देखने को बेकरार होंगे। लेकिन लंदन का एक फोटोग्राफर इन दिनों ऐसे ही कैलेंडर के लिए हैंडसम और चार्मिंग मुर्गों के ऑडिशन में व्यस्त है। चौंकिए मत, जिस तरह लड़कियां अपने कमरे की दीवारों पर अपने पसंदीदा सितारे का फोटो चिपका उसे देख देख आहें भरती हैं, ठीक उसी तरह मुर्गियां भी हैंडसम मुर्गों के कैलेंडर को देखकर खुश होती हैं। करीब 100 डेशिंग, स्मार्ट, चार्मिंग और हैंपनिग मुर्गे अपना ऑडिशन दे चुके हैं। उम्मीद है कि फार्म में मुर्गों के ख्वाब देखने वाली तनहा मुर्गिंयां इन कैलेंडर को देखकर अकेलापन महसूस नहीं करेंगी।
मेट्रोडॉटयूके के मुताबिक मुर्गी फार्मों के लिए इस तरह के 'कॉकेरेल कैलेंडर' तैयार करने वाली कंपनी 'हैप्पी एग' का कहना है कि मुर्गी फार्मों में ये कैलेंडर काफी लोकप्रिय हैं और मुर्गी फार्म के मालिकों के बीच इनकी काफी डिमांड है। कंपनी के अनुसार मुर्गियों से भरे फार्म में ये कैलेंडर काफी कारगर हैं। अकेलापन महसूस करके कम अंडे देने वाली मुर्गियों के बीच ये कैलेंडर रखे जाते हैं और मुर्गियां इन्हें देखकर शांत और प्रसन्नचित्त रहती हैं।
कंपनी के मुताबिक मुर्गों को मुर्गी फार्म में नहीं छोड़ा जा सकता। ऐसे में मुर्गियां अकेलेपन का शिकार होकर हिंसक और चिड़चिड़ी हो जाती हैं जिसका अंडा उत्पादन पर भी काफी फर्क पड़ता है।
कंपनी के ब्रांड मैनेजर क्लेरी जेपी के मुताबिक मुर्गियों को शांत चित्त रखने का एक ही तरीका है कि हर फार्म में इस तरह के 'कॉकेरेल कैलेंडर' रख दिए जाएं ताकि मुर्गियां हैंडसम मुर्गो को देखकर अपने करीब महसूस करके खुश रह सकें। उन्होंने कहा कि यह तरीका काफी कारगर साबित हुआ है और इससे फार्म मालिक भी काफी खुश हैं।
कंपनी फार्म मालिकों को ये कैलेंडर सप्लाई करने के साथ साथ फेसबुक और ट्विटर पर भी इस तरह के कैलेंडर जारी कर रही हैं ताकि तमाम मुर्गी मालिक अपनी मुर्गियों को हैंडसम मुर्गो के दर्शन करा पाएं।