क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि कोई बच्चा कार की अगली सीट पर जन्म ले। शायद नही...! पर हम आपको एक ऐसी ही अजीबो-गरीब घटना के बारे में बताने जा रहे हैं जहां बच्चे का जन्म अस्पताल में न होकर कार की सीट पर हुआ।
कैलिफोर्निया का यह मामला जितना रोचक है उतना ही हैरान करने वाला भी। एना गिब्स को उम्मीद तो थी कि एक-दो दिन के भीतर उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ेगा लेकिन अचानक से उठी प्रसव पीड़ा में उन्हें और उनके पति को सोचने का मौका ही नहीं मिला।
जल्दी-जल्दी में ये जोड़ा कार में सवार होकर अस्पताल की ओर भागा लेकिन अगले ही कुछ मिनटों में उनका नन्हा-मुन्ना उनकी गोद में था।
एक ओर जहां गिब्स्ा के पति सैम के दोनों हाथ स्टेयरिंग पर मजबूती से जमे हुए थे, वहीं गिब्स ने बिना कोई दर्द-निवारक लिए खुद ही अपने बच्चे को जन्म दिया।
थोड़ी ही देर में उनकी कार अस्पताल के सामने थी। जिसके बाद गिब्स और नवजात वार्नर को कुछ देर के लिए आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों ने बताया कि मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। गिब्स ने जब ये बात अपनी मां को बताई तो उन्होंने उससे कहा, अब तुम मां बन गई हो, अब तो झूठ मत बोलो।