उम्मीद पर दुनिया टिकी है और यही उम्मीद एक महिला को आखिरकार मां का दर्जा देने में कामयाब रही। 15 सालों में 19 गर्भपात झेल चुकी ब्रिटेन की एक महिला आखिरकार एक प्यारे से बच्चे की मां बन पाई।
न्यूपोर्ट में 37 साल की जॉ शॉर्ट ने और उनके पति स्टीव ने शादी के एक साल बाद 1997 से बच्चे की ख्वाहिश पाल रखी थी। उस साल जॉ शॉर्ट पहली बार गर्भवती हुईं लेकिन दुर्भाग्यवश उनका गर्भपात हो गया।
गर्भपात का दुर्भाग्य 15 सालों तक शार्ट का पीछा करता रहा। जितनी बार भी वो गर्भवती होती थीं, उनके मन में डर बना रहता था। कई बार उन्हें ऐसा लगता था कि कहीं इसकी वजह उनका चाय पीना या कैफीन का सेवन करना तो नहीं है।
द सन की खबर के मुताबिक जॉ, इस तरह की पहली महिला नहीं है जिन्हें गर्भवती होने में इतना समय लगा। यह एक प्रकार की बीमारी है, जिसे एंडोमेट्रियॉसिस के नाम से जाना जाता है। इसमें महिला गर्भवती तो हो जाती है, लेकिन गर्भपात होने का खतरा हमेशा बना रहता है।