वो खुद को फिल्म का हीरो समझता था और इसी चक्कर में उसे हीरोइन से प्यार हो गया। प्रेम दीवाने ने फिल्मी अंदाज में प्रेम इजहार भी डाला लेकिन जिंदगी का क्लाईमेक्स इतना संगीन होगा, उसे पता न चला। ऐसा ही एक फिल्मी अंदाज का प्रेम इजहार एक प्रेम दीवाने की मौत का सबब बन बैठा।
मामला बिजनौर के धामपुर का है। यहां चलती बस में छात्रा को जबरन ‘किस’ करने के बाद भाग रहे युवक की पिछले पहिये की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से बस यात्रियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में कई छात्राओं समेत यात्रियों के बयान दर्ज किए हैं।
तिगरी मनका वाला स्थित किसान उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जूनियर हाईस्कूल की कई छात्राएं बस से तिवड़ी जा रही थीं। इसी दौरान चौराहे पर साइकिल की रिपेयरिंग करने वाला मझेड़ा निवासी इदरीश का 22 वर्षीय पुत्र मो. आफाक दोस्त सोनू के साथ बस में चढ़ा। बस में चढ़ते ही उसने बोनट के नजदीक बैठी एक छात्रा को एकतरफा प्यार का इजहार करते हुए जबरन ‘किस’ कर दिया।
छात्रा के शोर मचाते ही चालक अलीम अहमद बौखला गया। यात्रियों के शोर मचाते ही आरोपी युवक जैसे ही बस से कूदा तो पिछले पहिये की चपेट में आ गया। पहिया ऊपर से गुजर जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में बस चालक और यात्रियों ने उसे थाने पहुंचाया।
पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी में भर्ती किया। हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उसे बाहर रेफर कर दिया, जहां नगर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई। वहीं उसका साथी भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने ड्राइवर अलीम की तहरीर पर मृतक आफाक के खिलाफ रिपोर्ट कायम कर ली है। उधर, एसपी सुनील वाजपेयी का कहना है कि जांच के बाद मृतक की रिपोर्ट लग जाएगी।