बॉलीवुड के शहंशाह के दीवानों ने कभी बालों का ‘अमित कट’ चलाया तो कभी उनकी आवाज की नकल करके उनको पूजा। हर हिट फिल्म के बाद अमिताभ बच्चन के नाम से देश में कोई फैशन, स्टाइल या नाम का प्रचलन चल पड़ता है। लेकिन, सत्तर की उम्र में उनकी दो विदेशी प्रशंसकों ने दीवानगी में ऐसा कर डाला कि ‘बिग बी’ की नींद ही उड़ गई है। उन्होंने आननफानन ट्विटर पर संदेश दिया कि कोई प्रशंसक उनसे मिलने के लिए ऐसी दीवानगी न दिखाए। हालांकि उन्होंने रूसी लड़की के पास अपना वीडियो मैसेज भेज दिया।
दरअसल तीन दिन पहले मालदोवा देश से वीरा नाम की युवती मुंबई स्थित बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन के घर पर पहुंच गई। उसकी दीवानगी का पता चला तो अमित जी ने उससे मुलाकात की। युवती ने उन्हें बताया कि पिछले 27 साल से वह उनसे मिलने के लिए बेचैन है। लेकिन, मुंबई आने के लिए टिकट का जुगाड़ नहीं कर सकी। वीरा ने अमितजी के हर जन्मदिन पर उनके नाम से एक गुलाब का फूल अपने पास सुरक्षित रखा। आखिरकार बिग-बी के 70वें जन्मदिन पर उसने मुंबई आकर उन्हें आकर तोहफा देने का संकल्प लिया। वीजा और टिकट का जुगाड़ कर वह वीरवार को अमितजी से मिलने में कामयाब हो गई। उसने अमिताभ को वे 27 फूल दिए जो उसकी 27 साल की दीवानगी को दिखाते हैं। इसके अलावा उसने तमाम ऐसे तोहफे उन्हें भेंट किए जो उसने कभी अपनी पाकेट मनी से खरीदा तो कभी खुद बनाए। अमिताभ ने वीरा से मिले सम्मान पर ट्विट किया, ‘प्रशंसकों की इस दीवानगी का जवाब देने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं।’
इसके बाद अमितजी ने जो राज खोला वह तो चौंकाने वाला है। उन्होंने लिखा है कि कुछ दिन पहले ही रूस की एक लड़की ड्रग कैरियर के आरोप में पकड़ी गई। पूछताछ में उसने खुलासा किया वह बिग-बी को देखने के लिए मुंबई पहुंचने को धन जुटाने की खातिर इस धंधे में आ गई। अमितजी रूसी लड़की की इस दीवानगी से इस कदर भावुक हो गए कि उन्होंने टीवी क्रू के माध्यम से उसे वीडियो मैसेज भिजवाया। उन्होंने लड़की से कहा कि अगर वह पहले किसी माध्यम से उन तक सूचना पहुंचा देती तो वह खुद उससे मिलने का कोई रास्ता निकाल लेते।