कहते हैं कि जब ईश्वर किसी को बचाना चाहता है तो उसे मौत की गोद से भी खींच निकालता है। ऐसा ही कुछ 10 महीने के एक भाग्यशाली बच्चे के साथ हुआ जिसे गोद में लेकर उसकी मां आठवीं मंजिल से कूद गई लेकिन इसके बावजूद बच्चा जीवित बच गया।
मामला मेनहट्टन के हरलम इलाके का है। यहां ब्रेडहस्ट एवेन्यू में रहने वाली सिंथिया वेचनहेम आठवीं मंजिल से अपने दस माह के बेटे केस्टन को गोद में लेकर कूद गई। आश्चर्य की बात है कि जमीन पर गिरने से कुछ सैकेंड पहले ही सिंथिया से हाथ से फिसल कर गिरा केस्टन बच गया। डॉक्टरों ने सिंथिया को मृत घोषित कर दिया जबकि केस्टन को हरलम अस्पताल में भरती कराया गया है।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के दस माह के बच्चे केस्टन के बचने को चमत्कार बताते हुए कहा कि आठवीं मंजिल से गिरी मां की गोद से निकलकर जमीन पर लुढ़कना ईश्वर की मर्जी है।
चश्मदीद एडेलिना ने बताया कि वो ब्रेडहस्ट एवेन्यू अपार्टमेंट के बाहर अपनी बेटी स्टीवना के साथ टहल रही थी कि उसने एकाएक चीख सुनी। उसने सिर उठाकर देखा तो सिंथिया धड़ाम की आवाज से साथ नीचे गिर पड़ी। नीचे गिरने से ऐन पहले केस्टन उसकी गोद से छिटकर कुछ दूर जा गिरा और जोर जोर से रोने लगा।
स्टीवना ने बताया कि वो मैदान पर गिरे पड़े बच्चे को चुप कराना चाहती थी और इसलिए वो भागकर बच्चे के पास पहुंची और उसे उठाने की कोशिश करने लगी लेकिन तभी पुलिसकर्मी ने आकर उसे ऐसा करने से रोक दिया। उस समय बच्चे के सिर और बांह से खून बह रहा था और वो काफी डरा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि सिंथिया इस अपार्टमेंट में अपने पति के साथ रहती थी। पुलिस का मानना है कि सिंथिया मानसिक रूप से परेशान थी और इसलिए उसने बच्चे को गोद में लेकर आत्मघाती कदम उठाया।