बाल सिर्फ आपके रुप और सौंन्दर्य को ही प्रभावित नहीं करते बल्कि आपके भाग्य और जीवन को भी प्रभावित करते हैं। बालों के महत्व को इस बात से भी समझ सकते हैं कि कई ऐसे संस्कार हैं जिनमें बालों को कटवाना आवश्यक माना जाता है।
बाल नहीं कटवाने पर उन्नति में बाधा आती है ऐसा माना जाता है। ज्योतिषशास्त्र की मानें तो बालों की बनावट अगर आपकी राशि के अनुसार हो तो इसका आपको समय-समय पर लाभ मिलता रहता है।
मेष राशि के लिए लकी हेयर स्टाइल
इस राशि के व्यक्तियों के बाल आमतौर पर स्वस्थ होते हैं। इस राशि के पुरुषों को अपने बाल छोटे रखने चाहिए। पीछे और कान के दोनों तरफ के बाल सैनिकों की तरह कटे हों तो आपके लिए अच्छा रहता है।
इस राशि की महिलाओं को स्टेप कट कटिंग करवानी चाहिए। घुंघराले बाल भी इनके व्यक्तित्व को निखारते हैं और लाभ दिलाते हैं।
वृष राशि वाले आजमाएं यह हेयर स्टाइल
इस राशि की महिलाएं हेयर स्टाइल को लेकर अधिक प्रयोग करना पसंद नहीं करती हैं। इसलिए वृष राशि की महिलाओं को अधिक लंबे बालों के बदले बॉब कट पसंद आता है।
यह इनके लिए फायदेमंद भी होता है। इस राशि की महिलाएं बॉब कट की बजाए चाहें तो कंधे से कुछ नीचे तक बाल रख सकती हैं। जबकि पुरुषों में लंबे बालों को लेकर उत्साह रहता है और यह अपने बालों को सजा संवारकर रखना पसंद करते हैं।
मिथुन राशि वालों को सफलता दिलाते हैं ऐसे बाल
इस राशि के व्यक्तियों को हेयर स्टाइल में बदलाव लाते रहना काफी पसंद होता है। ज्योतिष की दृष्टि से इस राशि की महिलाओं को लंबे बालों का लाभ मिलता है। लंबे बालों के साथ थोड़े लहरदार और स्टेप में कट बाल हों तो इनके ऊपर खूब फबते हैं और इन्हें अपने व्यक्तित्व का फायदा मिलता है। इस राशि के पुरुषों को भी लंबे बाल पसंद आते हैं।
कर्क राशि के लिए लकी हेयर स्टाइल
इस राशि के व्यक्तियों को बालों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लेकिन यह अपने बालों को बेहतर तरीके से सजा संवारकर रखना पसंद करते हैं।
इस राशि की महिलाओं को लंबे बालों की बजाय गर्दन से कुछ नीचे तक बाल रखने चाहिए। यू कट बाल इनके लिए अच्छा रहता है। इस राशि के पुरुषों को छोटे बाल रखना चाहिए।
इस तरह छोटे बाल रखें सिंह राशि वाले
इस राशि के स्वामी ग्रह सूर्य हैं। सूर्य को बालों का कारक ग्रह माना जाता है। लेकिन आमतौर पर इस राशि के पुरुषों में गंजेपन की शिकायत रहती है।
महिलाओं को भी बालों से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ज्योतिष की दृष्टि से इस राशि के पुरुषों को छोटे बाल रखने चाहिए। महिलाओं को भी लंबे बालों की बजाय गालों या गर्दन तक छोटे बाल रखने चाहिए।
कन्या राशि पर भाए सीधे सुलझे बाल
इस राशि की महिलाओं को अपने बालों को न तो बहुत लंबा रखना चाहिए और न बहुत ही छोटा। इनके लिए सामान्य लंबाई वाले बाल अच्छे रहते हैं। सीधे बाल इन पर अच्छे लगते हैं और इनके व्यक्तित्व को निखारते हैं। लड़कों को भी बहुत लंबे या छोटे बाल नहीं रखना चाहिए।
तुला राशि के लिए हेयर स्टाइल
इस राशि की महिलाएं आमतौर पर खूबसूरत होती हैं। इनका चेहरा अंडाकार होता है, इन पर मध्य लंबाई के बाल अच्छे लगते हैं और इनके आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। इस राशि की महिलाएं लेयर कट करवा सकती हैं।
कनपटी पर छोटे बाल रखें वृश्चिक राशि वाले
इस राशि की महिलाओं के लिए घुंघराले बाल लकी होते हैं। आप घुंघराले और लंबे बाल रखें आपके लिए अच्छा रहेगा। पुरुषों को पीछे और कनपटी पर छोटे बाल रखने चाहिए।
धनु राशि के लिए हेयर स्टाइल
इस राशि की महिलाओं को सीधे और लंबे बाल पसंद आते हैं और यह इनके लिए लकी भी होता है। जिनके बाल सीधे नहीं हैं वह समय-समय पर स्ट्रेटनिंग करवा सकती हैं। इस राशि के पुरुष भी लंबे बाल रख सकते हैं।
मकर को भाए लंबे बाल
इस राशि की महिलाओं को लंबे बाल रखना चाहिए। इनके साथ लेयर्स भी रखें तो आपके लिए भाग्यशाली रहेगा। इस राशि के लड़कों के लिए भी लंबे बाल लकी होते हैं।
कुंभ राशि के लिए कैसा हो हेयर स्टाइल
शनि की इस राशि की महिलाओं को लंबे बाल रखने चाहिए। इन्हें पोनिटेल, चोटी और जूड़ा बनाकर अपने बालों को संवारना चाहिए। इससे इनका व्यक्तित्व निखरता है। इस राशि के लड़कों को पारंपरिक तौर तरीके से बालों को संवारना चाहिए।
मीन राशि को भाए घुंघराले बाल
इस राशि की महिलाओं को कंधे तक लंबे बाल रखने चाहिए। इनके लिए घुंघराले बाल लकी होते हैं। लड़के भी लंबे और घुंघराले बाल रख सकते हैं।