झारखंड के सिमडेगा और जमशेदपुर जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं ने अपने पतियों पर जानलेवा हमला किया। सिमडेगा में पत्नी ने गुस्से में पेट्रोल छिड़ककर पति को आग लगा दी। वहीं जमशेदपुर में महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई।
झारखंड में शनिवार को दो अलग-अलग गांवों में वैवाहिक विवाद खौफनाक मोड़ पर पहुंच गए। एक मामले में पत्नी ने अपने पति को पेट्रोल डालकर आग के हवाले कर दिया, जबकि दूसरी घटना में महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पहली वारदात- पति को पेट्रोल डालकर जलाया
सिमडेगा जिले के गिरदा गांव में शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने गुस्से में पेट्रोल छिड़ककर पति को आग लगा दी। यह घटना गांव के पास घने जंगल वाले इलाके में हुई, जहां गिरदा पुलिस चौकी भी स्थित है। झुलसे व्यक्ति को परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत पड़ोसी राज्य ओडिशा के राउरकेला स्थित इंदिरा गांधी अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार उसकी हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है।
विज्ञापन
महिला ने अपना अपराध स्वीकार किया- पुलिस
गिरदा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया, 'महिला ने अपराध स्वीकार कर लिया है और फिलहाल वह अस्पताल में पति की देखरेख कर रही है। औपचारिक शिकायत मिलने पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।'
दूसरी वारदात- प्रेमी संग मिलकर हत्या
जमशेदपुर के बघनंद गांव में भी शनिवार को दर्दनाक वारदात सामने आई। यहां एक आदिवासी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और महिला को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि उसका प्रेमी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। दोनों घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में सनसनी फैला दी है। सिमडेगा और जमशेदपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी महिलाओं पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।