होशंगाबाद में स्कूल बस पलट गई है
- फोटो : ANI
मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां एक स्कूल बस पलट गई है। जिसके कारण 22 बच्चे घायल हो गए। घायल बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शुक्रवार को बंद्रभान रोड पर घटित हुई। घटना की जानकारी एक अधिकारी ने दी।
घटना के समय बस में 26 बच्चे सवार थे जिसमें से किसी के भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। तहसीलदार शैलेंद्र बडोनिया ने बताया कि कैंपियन स्कूल के करीब 22 बच्चों को छोटी-मोटी चोटें आई हैं जिसके लिए जिला अस्पताल में उनका उपचार किया गया।
कैंपियन स्कूल के निदेशक विजय सेठ ने कहा कि जिला मुख्यालय से 11 किमी दूर संगाखेड़ा-कला गांव में एक ट्रैक्टर-ट्राली के ओवरटेक करने के कारण बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। चश्मदीदों के अनुसार, दुर्घटना के समय बस लापरवाही से चलाई जा रही थी। बाबई क्षेत्र की पुलिस घटना की जांच कर रही है।