सवर्ण आरक्षण के सवाल ने राजनीति दलों में उथल पुथल मचा दी है। इस मसले पर क्या रुख अपनाया जाए, इस बारे में 11 सितंबर को राजद की अहम बैठक होने वाली है। इसमें सवर्ण आरक्षण को लेकर पार्टी का रुख तय किया जाएगा।
तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में राजद नेताओं की एक बैठक रविवार को हुई। इसमें अन्य मुद्दों के अलावा सवर्ण आरक्षण के सवाल पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह और शिवानंद तिवारी ने कहा कि 11 सितंबर को राजद के विधायकों, सांसदों और जिलाध्यक्षों की बैठक होगी। इसमें सवर्ण आरक्षण के मामले में पार्टी का रुख तय किया जाएगा। इसके बाद 11 सितंबर की शाम को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक प्रेस कांफ्रेंस करेंगे और सवर्ण आरक्षण पर पार्टी का रुख साफ करेंगे।
बता दें कि राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी अगड़ी जाति से हैं। सवर्णों के आरक्षण पर प्रतिक्रिया मांगने पर उन्होंने कहा कि जब मैं ही बोल दूंगा तो 11 तारीख को तेजस्वी क्या बोलेंगे। इस मुद्दे पर पार्टी में विचार विमर्श चल रहा है। पार्टी के विधायकों, सांसदों और जिलाध्यक्षों से राय लेने के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा। अंतिम फैसले की जानकारी तेजस्वी यादव ही देंगे।