पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : एएनआई (फाइल)
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक के बाद अमरिंदर सिंह ने कहा कि मैं यहां पार्टी के आंतरिक मुद्दों और पंजाब के विकास के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए कांग्रेस अध्यक्षा से मिलने आया था।
अमरिंदर सिंह ने कहा कि जहां तक पंजाब का सवाल है तो वह जो भी निर्णय लेंगी हम उसके लिए तैयार हैं। हम आगामी चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं, नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, 'मैं सिद्धू पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं, मैं यहां पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से आया था।'
सिद्धू लगातार कैप्टन पर साध रहे निशाना
बता दें कि कैप्टन अमरिंदर सिंह मंगलवार सुबह चॉपर में चंडीगढ़ से दिल्ली रवाना हुए। इससे पहले वह दिल्ली में पार्टी आलाकमान द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी से मुलाकात कर चुके हैं। इन दिनों पंजाब कांग्रेस के नेताओं में मतभेद चरम पर है। नवजोत सिंह सिद्धू लगातार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साध रहे हैं। पहले वह कोटकपूरा गोलीकांड और बेअदबी मामलों को लेकर सरकार पर हमलावर थे, लेकिन अब प्रदेश में गहराए बिजली संकट को उन्होंने मुद्दा बना लिया है।
सिद्धू को ये दो पद देने पर कैप्टन सहमत
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नवजोत सिंह सिद्धू को बड़ी जिम्मेदारी देने पर सहमत हैं। पार्टी आलाकमान उन्हें विश्वास में लेने के बाद सिद्धू को उपमुख्यमंत्री या प्रचार समिति का अध्यक्ष बना सकता है।
राहुल और प्रियंका से सिद्धू ने की थी मुलाकात
30 जून को नवजोत सिंह सिद्धू ने नई दिल्ली में प्रियंका गांधी वाड्रा और राहुल गांधी से मुलाकात की थी। हालांकि इससे पहले राहुल गांधी ने यह कहा था कि मैंने सिद्धू को मिलने के लिए नहीं बुलाया। हालांकि बाद में दोनों नेताओं की मुलाकात हुई और सिद्धू ने अपना पक्ष रखा।