बिहार के अररिया में राष्ट्रीय जनत दल के उम्मीदवार सरफराज आलम की जीत के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। जिसमें तीन लोग पाकिस्तान के समर्थन में और भारत के विरोध में नारे लगा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। तीनों कथित आरोपियों के परिवार का कहना है कि हमने पुलिस के पास वायरल वीडियो की असली कॉपी जमा करवाई है। जिसमें आरोपी किसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं कर रहे हैं। वीडियो में लग रहे 'पाकिस्तान जिंदाबाद' और 'भारत तेरे टुकड़े होंगे' के नारे या तो पृष्ठभूमि में थे या उन्हें बाद में डाला गया है।
परिवार ने जो वीडियो पुलिस के पास जमा करवाया है उसमें तीनों आरोपी 'कतनो करियो बाप बाप, लालटेन छाप' के नारे लगा रहे हैं। इस मामले पर अररिया पुलिस का कहना है कि वह जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही वह बता पाएगी कि यह वीडियो फर्जी है या इसके साथ छेड़छाड़ की गई है। पुलिस इस समय आरोपी आदिब रजा, शहजाद अफरोज और सुल्तान आजमी के खिलाफ ठोस सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है। सरफराज आलम के जीतने के बाद यह वीडियो काफी वायरल हो गई थी और माना जा रहा है कि इसे जीत की खुशी मनाने के दौरान शूट किया गया था।
जहां सुल्तान और शहजाद ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है वहीं आबिद फरार है और वह कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर कर सकता है। मामले पर एसडीपीओ का कहना है कि हम जल्द ही कोर्ट के आदेश के बाद वीडियो को जांच के लिए पटना भेजेंगे। वीडियो के साथ हुई कथित तौर पर छेड़खानी की जांच हम तभी करेंगे जब एफएसएल की रिपोर्ट इसकी पुष्टि करेगी। जहां तक पृष्ठभूमि से आ रही आवाजों का सवाल है हम जीत के जुलूस में शामिल दूसरे लोगों से भी बात करेंगे।