Boeing 777 for President, Vice President and Prime Minister of India
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री अब नए बोइंग विमानों में सफर करेंगे। देश की राष्ट्रीय विमान सेवा एयर इंडिया ने बृहस्पतिवार को एक बोइंग-777 ईआर विमान को आयात कर लिया। वीवीआईपी उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले दो नए विमानों में यह एक है।
एयर इंडिया ने साल 2006 में 68 बोइंग विमानों की खरीद का ऑर्डर दिया था। यह बोइंग 777 विमान आयात किए जाने वाले आखिरी तीन विमानों में से एक है। एयर इंडिया के अनुसार, इन विमानों ने वाशिंगटन के एवरेट से स्थानीय समयानुसार दोपहर 12 बजे उड़ान भरी और दिल्ली में शाम के 7:31 बजे उतरे।
इन विमानों ने रिकॉर्ड 14 घंटे और 10 मिनट में अपनी यात्रा पूरी की। दो अन्य बोइंग 777 विमान जनवरी और फरवरी में आयात किए जाएंगे। इनमें से दो विमानों का इस्तेमाल राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री जैसे वीवीआईपी करेंगे जबकि एक विमान को राष्ट्रीय विमान सेवा के बेड़े में शामिल किया जाएगा।