पुलवामा अटैक का सबूत मांगने पर बीजेपी कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमलावर है। इसी बीच पुलवामा हमले के तीन साल पूरे होने पर राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि पुलवामा हमले में जान गंवाने वाले जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी। हम जवाब लेकर रहेंगे।
बता दें कि 14 फरवरी 2019 को पाकिस्तान की जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन ने पुलवामा में सीआपीएफ जवानों पर हमला कर दिया था। हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि हमलोग पुलवामा हमले में शहीद जवानों को कभी भूल नहीं पाएंगे। उनका और उनके परिवार का बलिदान बेकार नहीं जाएगा। हम जवाब लेकर रहेंगे।
पुलवामा हमले के कुछ दिनों बाद भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में सर्जिकल स्ट्राइक की थी। भारतीय वायु सेना ने पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान के बालाकोट के अंदर जैश के सबसे बड़े आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर पर हमला किया था।
असम के सीएम के राहुल पर दिए बयान पर विवाद
वहीं बीजेपी के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस को पुलवामा हमले का सबूत मांगने पर घेरते आए हैं। एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने भी पुलवामा हमले पर राहुल गांधी पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि 'क्या हमने कभी आपसे प्रूफ मांगा है कि आप राजीव गांधी के बेटे हैं या नहीं?
असम के मुख्यमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 'राहुल गांधी ने सर्जिकल स्ट्राइक का सबूत मांगा। इन्होंने जनरल बिपिन रावत के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक किया लेकिन इनकी मेंटिलिटी देखिए राहुल गांधी ने इसका भी प्रूफ मांग लिया। क्या हमने कभी सबूत मांगा कि आप राजीव गांधी के बेटे हैं या नहीं ? अगर आर्मी ने बोल दिया कि सर्जिकल स्ट्राइक किया है तो आर्मी से आपको सबूत मांगने का क्या अधिकार है? आपको बिपिन रावत पर भरोसा नहीं है।' इस बयान को लेकर कांग्रेस ने सीएम से माफी मांगी है।
राजनाथ सिंह ने भी राहुल को घेरा
वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को सांसद राहुल गांधी को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि राहुल भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम का मजाक उड़ाते हैं। लद्दाख में जब भारत और चीन सैनिकों के बीच टकराहट हुई थी तो राहुल ने कहा था कि चीन का कोई जवान नहीं मरा है, जबकि एक आस्ट्रेलियन अखबार ने लिखा था कि भारत और चीन सैनिकों की भिड़ंत में चीन के 38 से 50 सैनिक मारे गए हैं।