मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में एक बार फिर बलात्कार का मामला आया है, जिसने आरोपियों की बेशर्मी और कानून के आगे बेखौफ रवैये को उजागर किया है। एक महीने पहले ही एक बीस साल की युवती के साथ दुष्कर्म हुआ था और दोबारा उसी आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया।
दरअसल,पीड़िता ने एक महीने पहले अपने साथ हुए बलात्कार की शिकायत पुलिस से की जिसपर एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू हो गई। पुलिस की जांच से परेशान आरोपी ने महिला से मामले को रफा-दफा करने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपी ने दुष्कर्म का केस वापस लेने के लिए पीड़िता को धमकाना शुरू कर दिया लेकिन वो फिर भी तैयार नहीं हुई। आरोपी ने पीड़िता के केस वापस ना लेने की बात पर दोबारा उसके साथ बलात्कार किया और जान से मारने की भी धमकी दी।
आरोपी के खिलाफ फिर से दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है और पुलिस उसे तलाश रही है। पुलिस के मुताबिक किराए के मकान में रहने वाली एक 20 साल की युवती ने रमजान नाम के युवक के खिलाफ दोबारा दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है। मध्य प्रदेश में सिर्फ इस महीने में रेप के दर्जनों मामले दर्ज हो गये हैं।
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो के मुताबिक 2016 में 38,947 बलात्कार के मामले देश में दर्ज हुए। 2016 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत में बलात्कार के मामले 2015 की तुलना में 2016 में 12.4 फीसदी बढ़ गये हैं । मध्य प्रदेश इनमें अव्वल है, क्योंकि बलात्कार के सबसे ज्यादा - 4,882 मामले मध्य प्रदेश में दर्ज हुए हैं, इसके बाद दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश आता है, जहां 4,816 बलात्कार के मामले दर्ज हुए। बलात्कार के 4,189 दर्ज मामलों के साथ महाराष्ट्र तीसरे नंबर पर रहा है।
अभी तक दिल्ली को एनसीआरबी के सालाना सर्वेक्षण के बाद महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित शहर माना गया है लेकिन जिस तरह से मध्य प्रदेश में बलात्कार के मामले सामने आ रहे हैं वो राज्य सरकार के लिए चिंता की बात है।