उत्तराखंड के पर्यावरण संवेदी क्षेत्र में निर्माणाधीन चारधाम परियोजना के मामले पर बुधवार को
एनजीटी में सुनवाई होगी। मंगलवार को उत्तराखंड व केंद्र की ओर से पेश वकीलों ने सुनवाई के लिए एक दिन की मोहलत मांगी थी, जिसे पीठ ने मान लिया। वहीं याची के वकील संजय पारिख को पेड़ों की कटाई और पर्यावरण संवेदी क्षेत्र में नुकसान के वीडियो व तस्वीरें साक्ष्य के तौर पर पेश करने की मंजूरी भी दी है।
जस्टिस जावद रहीम की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले पर सुनवाई कर रही है। मंगलवार को सुनवाई शुरू होते ही सरकारी पक्ष के वकीलों ने पीठ से सुनवाई शुरू न करने की फरियाद की। वकीलों का कहना था कि इतनी बड़ी परियोजना के कई हिस्से हैं, लिहाजा उसके बारे में दलील पेश करने में कुछ तैयारियां शेष रह गई हैं। पीठ ने कहा कि उन्हें कोई परेशानी नहीं है और वे बुधवार को ही सुनवाई करेंगे।