राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। लालू ने एक फेसबुक पोस्ट के जरिए जदयू और नीतीश पर हमला किया है। अपने पोस्ट में लालू ने नीतीश को संबोधित करते हुए लिखा है 'सुनो छोटे भाई नीतीश'।
इसके बाद पूरे पोस्ट में लालू यादव लालटेन और तीर पर बोलते रहे। उन्होंने नीतीश कुमार को अपने भाषणों में लालटेन पर टिप्पणी करने के कारण कहा कि तुम्हें रोशनी से नफरत सी हो गई है, इसलिए दिनभर लालू और उसकी लौ लालटेन-लालटेन का जाप करते रहते हो।
इसके साथ ही उन्होंने लालटेन को आपसी प्रेम, भाईचारे और उजाले का प्रतीक बताया, जबकि
तीर को हिंसा फैलाने वाला हथियार कहा। गौरतलब है कि 'तीर' नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का चिन्ह है, और 'लालटेन' लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल का चिन्ह है। इस पोस्ट में उन्होंने जदयू के साथ साथ भाजपा पर भी हमला बोला, और भाजपा के चुनाव चिन्ह को 'कीचड़ वाला फूल' कहा।
इस पोस्ट में उन्होंने नीतीश कुमार से कहा कि तुम कहां मिसाइल के जमाने में तीर-तीर किए जा रहे हो? तीर का जमाना अब लद गया । तीर अब संग्रहालय में ही दिखेगा। लालटेन तो हर जगह जलता दिखेगा और पहले से अधिक जलता हुआ मिलेगा। पोस्ट में लालू यादव ने बिहार के मतदाताओं को सावधान करते हुए केवल लालटेन को वोट देने की अपील की है। उन्होंने पोस्ट के साथ तस्वीर में लिखा है कि अपना वोट सिर्फ लालटेन को।
मालूम हो कि इससे पहले रविवार को लालू यादव इसी तरह नरेंद्र मोदी पर भी हमलावर नजर आए थे, जब उन्होंने रफाल वाले बयान पर अपने ही अंदाज में ट्वीट करते हुए लिखा था 'ऐ हट बुड़बक, तेरा ध्यान किधर है, रडार इधर है।'