बिहार शरीफ जेल में बंद विधायक के लिए मटन पार्टी की गाज आखिरकार जेलर अधिकारियों पर गिर ही गई। सरकार ने सहायक जेलर समेत कई जेल कर्मियों को नौकरी से निकाल दिया है। साथ ही कई कर्मचारियों को निलंबित भी किया गया है। पुलिस मुख्यालय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि बिहार शरीफ जेल में हुई होली की पार्टी के मामले में जेल मुख्यालय ने तत्कालीन सहायक जेलर राम नंदन पंडित समेत तीन जेल कर्मियों को दोषी पाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
मामले में शुक्रवार को जेल आईजी आनंद किशोर ने इस बाबत आदेश जारी कर दिए हैं। मामला नालंदा जिले के बिहार शरीफ जेल से जुड़ा है, जहां नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी विधायक राजबल्लभ यादव बंद थे। बर्खास्त होने वाले कर्मियों में पंडित के अलावा दो कक्षपाल रामलखन यादव और रमेश कुमार शामिल हैं।
मीडिया में इस पार्टी की रिपोर्ट आने के बाद नालंदा के डीएम को जांच का जिम्मा दिया गया था जिसके बाद डीएम ने जेल आईजी को रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट में स्वीकार किया गया है कि होली के दौरान जेल में बंद राजद विधायक राजबल्लभ यादव ने मटन पार्टी का आयोजन किया था जिसमें जेल के अधिकारी से लेकर कर्मचारी तक ने हिस्सा लिया था।