दिल्ली के कीर्ति नगर थाना पुलिस ने महिला सहयोगी के साथ लूटपाट और झपटमारी करने वाले एक तड़ीपार बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाश के निशानदेही पर उसकी महिला सहयोगी को भी गिरफ्तार कर लूटपाट और झपटमारी के नौ मामले सुलझाने का दावा किया है। महिला सहयोगी भी इलाके की घोषित बदमाश है और पुलिस ने उसे भी तड़ीपार कर रखा है। बदमाशों के पास से एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, 78 हजार रुपये, चार कीमती मोबाइल फोन, दो कीमती घड़ी, करीब दो लाख कीमत के सोने और चांदी के गहने और वारदात में इस्तेमाल स्पोर्ट्स बाइक बरामद की है।
जिला पुलिस उपायुक्त विजय कुमार ने बताया कि बदमाश की पहचान निलोठी निवासी रमनीक सिंह (23) और नांगलोई निवासी अमनदीप कौर (32) (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार 13 जनवरी को एक महिला ने कीर्ति नगर थाने में पर्स लूटे जाने की शिकायत दर्ज करवाई। वारदात के दौरान महिला जख्मी हो गई थी। थाना प्रभारी अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने करीब 37 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला और रमनीक सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में रमनीक ने बताया कि वह एक महिला सहयोगी के साथ मिलकर लूटपाट को अंजाम देता है। उसने बताया कि लूटपाट के बाद खराब मोबाइल फोन और बेकार पर्स को पंजाबी बाग ड्रेन में फेंक देता था। लूटपाट को अंजाम देने के समय वह स्पोर्ट्स बाइक का इस्तेमाल करता था। रमनीक की निशानदेही पर उसकी महिला सहयोगी को नांगलोई से गिरफ्तार कर लिया गया।
लड़कों के ड्रेस पहनकर करती थी वारदात
जांच के दौरान पता चला कि रमनीक की महिला सहयोगी लड़कों के ड्रेस में लूटपाट को अंजाम देती थी। अपने चेहरे को ढंकने के लिए वह मुंह पर कपड़ा बांधती थी और फिर गॉगल्स लगा लेती थी। शुरू में किसी को इस बात का भनक नहीं लगता था कि झपटमारी और लूटपाट करने वाली महिला है या पुरुष, महिला शादीशुदा है।