कर्नाटक राज्य में तीन करोड़ रुपये की ड्रग्स के साथ दो नाइजीरियाई गिरफ्तार।
- फोटो : पीटीआई
कर्नाटक के बेंगलुरु में तीन करोड़ रुपये के मादक पदार्थ के जखीरे के साथ दो नाइजीरियाई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सिक्सटस उचेक (30) और चुकवुडबेम हेनरी (34) को गिरफ्तार किया, जो शहर के होरामावु में रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने 1.5 किलो एक्स्टसी क्रिस्टल, 120 ग्राम काला एमडीएमए, 16.5 किलो एमडीएमए मिश्रित पानी, 300 ग्राम वीड ऑयल और एक कार जब्त की है।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने छात्रों और उद्योगपतियों को बेचने के लिए ड्रग्स का स्टॉक किया था। सूत्रों के अनुसार, दोनों को गोविंदपुरा थाना सीमा के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
हवाई अड्डे से 6.42 लाख रुपये का सोना जब्त
वहीं,
मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने दुबई से यहां पहुंचे एक यात्री के पास से शनिवार को 6.42 लाख रुपये का सोना जब्त किया। यह स्वर्ण तस्करी कर लाया जा रहा था। सूत्रों ने बताया कि जब्त किया गया सोना 24 केरेट का है और इसका वजन 129.5 ग्राम है। स्वर्ण को वाशर जैसी चीज में ढाला गया था। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।