झारखंड के देवघर जिले के जसीडीह इलाके में एक रेलवे फाटक पर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक ट्रेन और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रक रेलवे फाटक पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी ट्रेन आ गई और जोरदार भिड़ंत हो गई। कई लोगों के घायल होने की आशंका है।
ट्रेन की टक्कर से एक ट्रक और दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार सुबह देवघर जिले के जसीडीह-हावड़ा मेन लाइन पर एक ट्रेन और एक ट्रक की टक्कर हो गई। ट्रेन की टक्कर से एक ट्रक और दो मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गईं और एक बाइक सवार घायल हो गया। अभी तक किसी की मौत की कोई खबर नहीं है। यह हादसा रोहिणी में नवाडीह रेलवे गेट के पास हुआ।
एक घंटे तक प्रभावित रहा रेल यातायात
जसीडीह स्टेशन प्रबंधक शंकर शैलेश ने पुष्टि की है कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। टक्कर के कारण रेल यातायात करीब दो घंटे तक बाधित रहा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नवाडीह क्रॉसिंग के पास भारी ट्रैफिक था। ट्रेन उचित सिग्नल न होने के बावजूद डाउन लाइन में प्रवेश कर गई और वहां फंसे ट्रक से टकरा गई। आसनसोल रेलवे डिवीजन के प्रवक्ता ने बताया कि क्षतिग्रस्त इंजन को ट्रैक से हटा दिया गया है और यातायात अब सामान्य है। घटना के कारणों की जांच के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं। सुरक्षा बलों ने मौके पर मौजूद भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। अधिकारियों के अनुसार, प्राथमिकता के आधार पर ट्रैक को साफ कर रेल परिचालन बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि फाटक बंद होने के बावजूद ट्रक रेल ट्रैक पर कैसे पहुंच गया।