शुक्रवार सुबह राजस्थान के जयपुर में अजमेर एलिवेटेड ब्रिज पर 100 किमी प्रति घंटे की गति से ऑडी कार चला रही एक लड़की ने बाइक सवार युवक को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि युवक ब्रिज के समीप एक मकान की छत पर जा गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने आया था
पुलिस के अनुसार हादसे में मारे गए युवक का नाम मदाराम था। वह जयपुर में आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा देने के लिए राज्य के पाली जिले से आया था। यह भर्ती परीक्षा शुक्रवार सुबह 9 बजे से थी। इससे करीब एक घंटे पहले वह मिशन कम्पाउंड से अजमेर रोड की तरफ जाने के लिए एलिवेटेड ब्रिज से गुजर रहा था, तभी अंधाधुंध रफ्तार से आई कार ने उसे भीषण टक्कर मार दी। वह बाइक से उछलकर 30 फीट नीचे एक मकान पर जा गिरा। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
एयर बैग खुलने से दोनों लड़कियां बचीं
हादसे में कार का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन एयर बैग खुलने से उसमें दोनों लड़कियों को खरोंच तक नहीं आई। पुलिस के अनुसार जो लड़की कार चला रही थी, उसका नाम नेहा सोनी है, जबकि दूसरी लड़की का नाम प्रज्ञा बताया गया है। प्रज्ञा हादसे के बाद बुरी तरह घबरा गई थी। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बिजली का खंभा उखड़ गया
टक्कर कितनी जबर्दस्त थी, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि कार बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद ब्रिज पर लगे बिजली के खंभे से भिड़ी और खंभा उखड़कर नीचे अजमेर रोड पर जा गिरा। गनीमत रही कि उस वक्त वहां कोई नहीं था, वरना खंभे के नीचे दबकर कुछ और लोग हताहत हो सकते थे।