राजस्थान एटीएस के एडिशनल एसपी आशीष प्रभाकर
राजस्थान एटीएस के एडिशनल एसपी ने सुसाइड करने से पहले ही महिला मित्र के मर्डर की असली वजह लिख दी थी। उन्होंने महिला मित्र का मर्डर करने के बाद सुसाइड से पहले दो नोट लिखे थे।
जयपुर के डीसीपी मनीष अग्रवाल के मुताबिक पुलिस ने एएसपी के शव के पास मिले ब्रीफकेस से ये दोनों सुसाइड नोट बरामद किए थे। एक सुसाइड नोट पत्नी के नाम था और दूसरा पुलिस के नाम लिखा था। पत्नी को लिखे सुसाईड नोट में लिखा है कि मैं अपने परिवार के साथ इंसाफ नही कर रहा हूं, बच्चों को पढ़ाना चाहता हूं, तुम परेशान मत होना और दुखी मत होना।
सूत्र बताते हैं कि पुलिस के नाम लिखे सुसाइड नोट में एएसपी आशीष प्रभाकर ने उल्लेख किया था कि उनकी महिला मित्र पूनम शर्मा सात और अधिकारियों को ब्लैकमेल कर रही है। नोट में सात नाम और पांच मोबाइल नंबर हैं। हालांकि पुलिस ने इस सुसाइड नोट को अभी तक सार्वजनिक नहीं किया है और न ही ये बताया है कि ये प्रशासिनक सेवा के अधिकारी हैं या पुलिस सेवा के। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने इन अधिकारियों के मोबाइल कॉल डिटेल निकलवा रही है। अब जांच इस डिटेल के आधार पर ही आगे बढ़ेगी।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार रात पुलिस को जयपुर के जगतपुरा में सड़क किनारे एसयूवी में एटीएस में तैनात एएसपी आशीष प्रभाकर और उनकी महिला मित्र पूनम शर्मा की लाशें मिली थीं। जांच में पुलिस को एएसपी के विवाहेतर संबंधों की जानकारी मिली है और पुलिस का मानना है कि इस हत्या और आत्महत्या के पीछे यही कारण है।
महिला मित्र पूनम शर्मा अलवर के राजगढ़ निवासी थी और ये पिछले तीन साल से जयपुर में रहकर कोचिंग कर रही थी। हालांकि आशीष से उसके संबंध तीन वर्ष से भी अधिक से चल रहे थे। इससे पहले भी पूनम ने एक आरएएस अधिकारी पर शोषण के आरोप लगाए थे और बाद में राजीनामा कर लिया था।