पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केसरी नाथ त्रिपाठी की एक कविता अब दो भाषाओं में बनने वाली एक फिल्म में गीत बनेगी। त्रिपाठी एक मशहूर कवि हैं। इस गीत को स्वर देंगे केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता बाबुल सुप्रियो। राष्ट्रीय फिल्म व टेलीविजन संस्थान (एफटीटीआई), पुणे के निदेशक गजेंद्र चौहान फिल्म में डॉक्टर की भूमिका में नजर आएंगे।
बांग्ला में इस फिल्म का नाम ज्वार भाटा होगा और हिंदी में रिश्ते। राज्यपाल ने बताया कि फिल्म के निदेशक ने उनसे मुलाकात कर अपनी कहानी सुनाई और मेरी एक कविता को गीत के तौर पर इस्तेमाल करने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने अपनी कविता के फिल्म में इस्तेमाल पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान वे भी मौजूद रहेंगे। कोलकाता के फिल्म निर्माता मिलन भौमिक उक्त फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं।
भौमिक ने बताया राज्यपाल की ओर से फिल्म में अपनी कविता के इस्तेमाल की अनुमति पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि उक्त कविता फिल्म की थीम से पूरी तरह मेल खाती है। भौमिक के मुताबिक यह फिल्म देशभक्ति और राष्ट्रीय मूल्यों पर आधारित है। इसमें दिखाया गया है कि मौजूदा व्यवस्था के तहत किस तरह देश के लिए अपना सब कुछ बलिदान करने वाले एक पूर्व सैन्य अधिकारी को किसी राजनेता से कम पेंशन मिलती है। राज्यपाल की कविता में उस सैन्य अधिकारी की पीड़ा झलकती है।