मध्य प्रदेश के देवास में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यालय से चार वीडियो वायरल हुए हैं। सोमवार को सोशल मीडिया पर आए इन वीडियो में विभाग के कर्मचारी फिल्मी गानों पर जमकर नाचते दिख रहे हैं। इसकी सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया और सभी कर्मचारियों ने चुप्पी साध ली।
जानकारी के मुताबिक यह वीडियो 13 अप्रैल की शाम का है जिसमें कार्यालय के पदस्थ कर्मचारी अलग-अलग फिल्मी गानों पर नाच रहे हैं। ऑफिस टाइमिंग के दौरान हुए जश्न में तीन पुरुष और दो महिला कर्मचारी डांस करते दिख रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक यह वीडियो जिला कार्यालय अधिकारी सुनीता यादव और शहर दक्षिण परियोजना अधिकारी प्रियंका जायसवाल के जन्मदिन का है। जिसके लिए दोपहर 1 से 2 बजे के बीच नाचा-गाना हुआ और केक काटा गया। यह जश्न यहीं नहीं रुका, शाम के 5 बजे के बाद कार्यालय में दोबारा नाच गाना शुरु हो गया।
मंगलवार को होगी कार्रवाई
इस मामले पर जिला कलेक्टर आशीष सिंह का कहना है कि शासकीय कार्यालय में इस तरह नाच गाना करना गलत है। वीडियो का पता चलते ही डीपीओ को कर्मचारियों के नाम पता करने के आदेश दे दिए गए हैं। नाम पता चलते ही मंगलवार को कार्रवाई की जाएगी।