निजी स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए भागदौड़ कर रहे अभिभावक सावधान हो जाएं। उनकी एक भूल बच्चे को नर्सरी में दाखिले से वंचित कर सकती है। अगर अभिभावक एक से ज्यादा बार आवेदन करते हैं तो उनका
फॉर्म रद्द हो सकता है। स्कूल सिर्फ जुड़वा बच्चों की ही स्थिति में दो फॉर्म स्वीकार करेंगे। दरअसल, निजी स्कूलों में 17 जनवरी तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। कई स्कूल ऐसे हैं जो कि केवल
ऑनलाइन फॉर्म स्वीकार कर रहे हैं।
वहीं, कुछ दोनों ही माध्यमों से भरे फॉर्म लेते हैं। कई स्कूलों ने ऑनलाइन आवेदन के साथ यह जानकारी स्पष्ट की है कि अभिभावक एक से ज्यादा फॉर्म किसी सूरत भी में ना भरें। यदि वह एक से ज्यादा ऑनलाइन फॉर्म भरते हैं तो उनका भरा हुआ कोई भी फॉर्म स्वीकार नहीं होगा। वहीं, कुछ अभिभावकों दोनों ही माध्यमों से फॉर्म भर देते हैं। उनका आवेदन रद्द कर दिया जाएगा। द्वारका स्थित डीपीएस स्कूल ने भी अपने मानदंडों के साथ साफ किया है कि डुप्लीकेट व एक से ज्यादा फॉर्म भरते हैं तो उन्हें रद्द कर दिया जाएगा।
पढ़ें- एलटी के 1272 रिक्त पदों के लिए इतने आवदेन चयन आयोग के लिए बना सिरदर्द
नाम बदल कर भरते हैं फॉर्म
वहीं, स्कूलों का मानना है कि ऐसा देखने में आता है कि अभिभावक नाम बदल-बदल कर एक से ज्यादा फॉर्म भर देते हैं। इस कारण योग्य उम्मीदवार लॉटरी में नाम नहीं आने की शिकायत करते हैं। अभिभावकों को इस बात की चिंता रहती है कि फॉर्म जमा हुआ है या नहीं। ऐसे में वह फिर से फॉर्म भर देते हैं। स्कूलों का कहना है कि केवल जुड़वा बच्चों की स्थिति में ही दो फॉर्म स्वीकार किए जा सकते हैं।