हुड़दंग करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
कैंपस का माहौल खराब ना हो इसलिए डीयू प्रशासन ने होली के काफी पहले ही कॉलेजों, विभागों, हॉस्टल के लिए दिशा निर्देश जारी किए हैं। होली के नाम पर कैंपस में हुड़दंगबाजी ना हो इसके लिए प्रशासन ने सख्त रवैया अपनाया है। होली के नाम पर महिलाओं के साथ हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विश्वविद्यालय ऑर्डिनेंस और सेक्सुअल हैरेसमेंट ऑफ वूमेंस एट वर्कप्लेस एक्ट 2013 के तहत कार्रवाई की जाएगी। डीयू प्रॉक्टर की ओर से जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षण संस्थानों के परिसर में गीले रंग, गुब्बारे, पिस्टन और हुड़दंग मचाने वाले तरीके से होली न खेलें।
साथ ही त्योहार के दिनों में कॉलेज, विभागों में पहचान पत्र के माध्यम से प्रवेश अनिवार्य कर दिया है। कॉलेजों और विभागों में बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए सभी छात्रों की पहचान और बाहरी लोगों के पहचान पत्र की जांच करने के लिए गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात करने के लिए कहा गया है।
पुलिस बल की रहेगी तैनाती
सभी प्रिंसिपल, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, हॉस्टल के प्रोवोस्ट किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए उपलब्ध होने चाहिए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कॉलेजों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रहेगी। पुलिस की ओर से मोबाइल गश्त होगी। बाहरी लोगों के प्रवेश को रोकने के लिए होली के दौरान छात्रावासों में मेहमानों के प्रवेश पर विशेष जांच होगी।
डीयू ने स्पष्ट किया है कि होली के नाम पर किसी के भी अनुचित व्यवहार को स्वीकार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय के उत्तरी और दक्षिणी परिसरों में संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। कोई छात्र अप्रिय स्थिति में संयुक्त कंट्रोल रूम के नंबर 27667291(उत्तरी कैंपस) व 24119832 (साउथ कैंपस) पर संपर्क कर सकता है।