फरीदाबाद के सारन गांव निवासी ड्राई फ्रूट कारोबारी भरत ने बृहस्पतिवार दोपहर अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के भाई मनोज कुमार ने मुजेसर थाने में तैनात एएसआई ओम प्रकाश और शराब ठेकेदार लाला पर भाई को प्रताड़ित कर आत्महत्या को मजबूर करने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने फिलहाल एफआईआर नहीं दर्ज की है लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी है।
मनोज के अनुसार उनका भाई भरत शराब पीने का शौकीन था। 22 जुलाई को भरत शराब ठेकेदार लाला के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इस दौरान दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। लाला की पिटाई से भरत के हाथ का अंगूठा और उंगली टूट गई। उसने ठेकेदार के खिलाफ मुजेसर थाने में शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत दिए जाने के बाद से लाला और मुजेसर थाने का एएसआई ओमप्रकाश उसके भाई पर समझौते का दबाव बना रहे थे।
मनोज के मुताबिक 9 अगस्त को एएसआई और ठेकेदार उसके भाई को जबरदस्ती कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। रात में घर पहुंचा भरत बहुत डरा हुआ था। उसने मनोज को बताया कि एएसआई और ठेकेदार ने शिकायत वापस लेने का दबाव बनाते हुए उसको बहुत पीटा। शिकायत वापस नहीं लेने पर दुष्कर्म आदि के केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। कोरे कागज पर हस्ताक्षर करवाने के बाद उसे छोड़ दिया था।
बृहस्पतिवार दोपहर भरत को खाने के लिए बुलाने उसके कमरे में पहुंचे तो उसका शरीर फांसी के फंदे पर लटकता मिला। थाना प्रभारी वेदप्रकाश का कहना है कि अभी एफआईआर दर्ज नहीं की है। जांच की जा रही है।