अकसर हम लोग अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में बहुत से नौकरी के विज्ञापन देखते हैं। जब नौकरी की आवश्यकता होती है तो उस विज्ञापन पर दिए नंबर पर फोन कर संबंधित काम की जानकारी भी लेते हैं। लेकिन नौकरी का वह विज्ञापन कई बार जिंदगी बेहतर बनाने की बजाए बर्बाद भी कर देता है।
ऐसा ही कुछ हुआ है इंदौर में। यहां एक 26 वर्षीय महिला को नौकरी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया गया और बाद में उसका अश्लील वीडियो भी बनाया। इसके बाद भी आरोपी उसे लगातार धमकी देता था कि वह उसके परिवार को तंत्र क्रिया से मार देगा। इसी बात के डर से वह काफी समय तक चुप रही।
पुलिस के सामने ये मामला बुधवार को आया। पीड़िता जुलवानिया रोड राजपुर (बड़वानी) की रहने वाली है। उसने सूर्य गोयल नामक युवक के खिलाफ
दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। उसने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि वह भंवरकुआं क्षेत्र में किराए पर रहकर एमसीए की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान उसने मार्च 2017 में पीथमपुर की नामी कंपनी में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का विज्ञापन देखा। इंटरव्यू के समय उसने आरोपी से मुलाकात की, जिसके बाद उसने पीड़िता को अपना फोन नंबर दिया और नौकरी के संबंध में बात करने को कहा।
जिसके बाद दोनों की दोस्ती फेसबुक पर हुई और चैंटिंग करना शुरू कर दिया। फिर जुलाई 2017 में आरोपी ने उसे एक बर्थडे पार्टी में बुलाया और वहां केक में नशीली दवाई मिलाकर उसके साथ रेप किया। उसके साथ रेप के बाद उसका अश्लील वीडियो भी बनाया गया। वह बार बार उसे धमकी देता था कि यदि इस बात की शिकायत उसने की तो वह सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल कर देगा। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।