उत्तर प्रदेश में हाथरस मुरसान थाना क्षेत्र के गांव की एक महिला ने प्रेम प्रसंग का भेद खुलने के डर से अपनी भांजी की पहले करंट लगाकर हत्या कर दी। फिर मिट्टी का तेल छिड़कर शव जला डाला। इन आरोपों के तहत स्थानीय थाने में महिला, उसकी मां सहित तीन लोगों के खिलफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस घटना के बाद से आरोपी महिला फरार है। जबकि पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोप है कि महिला ने भांजी के शव को अपनी साड़ी और पैर में बीछिया पहना कर लोगों को भ्रम में डालने की कोशिश की।
मुरसान के गांव करील में सोमवार की दोपहर जब लोगों ने एक घर से धुआं डठता देखा तो वे घर के अंदर चले गए। मगर अंदर का नजारा देखते ही इनके होश उड़ गए। घर के अंदर साड़ी और पैरों में बीछिया पहने एक युवती का शव सुलग रहा था। जलने के कारण शव का चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था।
लोगों ने जब घर के मुखिया राजेंद्र प्रसाद से इस बारे में पूछताछ की तो उसने बताया कि शव उसकी पुत्रवधु का है। लेकिन गौर से शव को देखने पर पता चला कि यह इस घर में रहने वाली उनकी धेवती आरती पुत्री राकेश निवासी रामपुर, छर्रा की लाश है। वह अपने मामा के यहां रहकर कक्षा आठ की पढ़ाई कर रही थी।