उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पति के शक करने और रोज-रोज पिटाई से परेशान 25 साल की रेखा ने जो कदम उठाया है, उसे जानकर हर कोई दहल गया। रेखा ने मिट्टी का तेल अपने चेहरे पर उड़ेल कर आग लगा ली और इस वजह से उसका काफी चेहरा जल गया है। पीड़िता को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
इलाज कर रहे डॉक्टरों का कहना है कि उसका चेहरा काफी झुलस गया है और प्लास्टिक सर्जरी से कुछ ही ठीक हो पाएगा। रेखा बेहद मिलनसार स्वभाव की है और आसपास के लोगों से उसकी बातचीत होती रहती थी। बस इसी बात को लेकर पति निर्मल उस पर शक करने लगा। उसने पत्नी के बाहर आने-जाने पर भी पाबंदी लगा दी। सोमवार रात को भी इसी बात को लेकर दंपति में विवाद हो गया।
बोली-अब कोई बात करना तो दूर, पास भी नहीं आएगा
रेखा
रेखा ने बताया कि मुझे लगा कि मेरा चेहरा ही सारे विवाद की जड़ है तो मैंने तय किया कि इसे ही बदसूरत बना दूंगी। उसने कहा कि ऐसा करने के बाद कोई मुझसे बात करना तो दूर बल्कि मेरे पास भी नहीं आएगा। महिला ने भले ही सबको सच बता दिया हो, लेकिन वह पुलिस से गुहार लगा रही है कि उसके पति के खिलाफ कोई कार्रवाई न की जाए।
महिला का कहना है, 'मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं, उन्हें कौन पालेगा?' हालांकि, कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है, लेकिन पति डर कर कही भाग गया है। रेखा की की शादी मजदूरी करने वाले निर्मल से सात साल पहले हुई थी। उसका 5 साल का बेटा प्रियांश और दो बेटियां मिष्ठी और सनम भी हैं।
बच्चों के लिए बाहर कुछ लेने जाने पर भी पीटता था
रेखा ने बताया कि शादी के पहले साल, तो सब ठीक चल रहा था, लेकिन बाद में दूसरे लोगों ने बात करने पर पति ने उसे मारना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं पीड़िता के बाहर निकलने पर भी वह उसे बुरी तरह पीटने लग जाता था। रेखा ने बताया, 'बच्चों के लिए बाहर कुछ लेने जाती थी तो भी वह मेरी बुरी तरह पिटाई करता था।'
उसने बताया कि सोमवार को भी यही हुआ था। निर्मल ने रेखा को जब पीटा, तो इससे आहत हुई रेखा ने किरोसिन से अपना चेहरा जला लिया। चेहरा जलने पर वह चीखने लगी, इसी दौरान परिवार वालों ने रेखा को नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया।
रेखा की मां रामकुमारी का कहना है कि तीन महीने पहले भी निर्मल ने उसे बुरी तरह पीटा और घर से भगा दिया था। तब रेखा बीसलपुर रोड स्थित नवदिया गांव में अपनी मां के पास आ गई थी। पर यहां भी निर्मल अपने दो-तीन साथियों के साथ धमकाने पहुंच गया। इस पर रेखा के परिजनों रिपोर्ट लिखाई।
पुलिस ने उसके दो साथियों को शांतिभंग के आरोप में धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया था, लेकिन निर्मल वहां से भाग निकला था।