मुंबई पुलिस ने मालवानी में हुए तिहरे हत्याकांड की आरोपी मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया है। हत्याकांड की मास्टरमाइंड शबीना उर्फ अनम शेख (25) ने हत्या का आंखों देखा हाल पुलिस को बताया है कि कितने वीभत्स तरीके से हत्या को अंजाम दिया गया था।
शबीना ने दावा किया है कि जब वे अपने साथियों के साथ 50 वर्षीय महिला और उसके दो पोते-पोतियों का कत्ल का अंजाम दे रही थी तो खून-खराबा देखकर घबरा गई थी। उससे यह खून खराबा देखा नहीं गया तो वह दरवाजे के पीछे खड़ी हो गई थी।
तिहरे हत्याकांड में शबीना का साथ दिया था उसके दोस्त मुफीद उर्फ सलमान शेख (22) और सलमान अखबर शेख उर्फ छोटा सलमान ने। पुलिस ने बताया कि लूट के इरादे से हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।
मृतका बबली के पास मुंबई और पश्चिम बंगाल में काफी प्रॉपर्टी थी। बबली ने हाल में मुंबई की कुछ सम्पत्ति बेची थी जिससे आरोपियों को शक था कि बबली के बाद करोड़ों का कैश है और इसे बबली की हत्या कर लूटा जा सकता है।