ईंधनपुर नंगला गांव स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक कर घर लौट रहीं तीन चचेरी-तहेरी बहनों शीतल (12), शिवानी (16) और मानू (4) की ऊना ऊना हिमाचल एक्सप्रेस की चपेट में आकर मौत हो गई।
हादसा सोमवार सुबह 11 बजे कटघर थानाक्षेत्र के जैतिया सादुल्लापुर में गांगन नदी पर बने रेलवे पुल पर हुआ। हादसे में मानू के पैर कट गए। शीतल, शिवानी इंजन की चपेट में आकर गांगन नदी में गिर गईं। इस दौरान वहां मौजूद एक किशोरी और तीन युवतियों ने ट्रैक से कूदकर अपनी जान बचाई।
तीन किशोरियों की मौत की खबर के बाद आसपास के गांवों के आक्रोशित लोगों ने करीब दो घंटे तक पुल पर शव रखकर ट्रैक जाम कर दिया। रेलवे ट्रैक पर पत्थर के स्लीपर भी रख दिए। जिसकी वजह से ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोक दिया गया।
घटना स्थल पर मुरादाबाद से पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के गांगन नदी पर पुल बनवाने के आश्वासन के बाद ही जाम खुल सका। उसी के बाद तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ऊंचा गांव निवासी इसी परिवार की किशोरी झलक (आठ) और तीन युवतियां ज्योति (22), अर्चना(19) और पूनम (24) बच गईं। वे भी मंदिर से पूजा करके घर लौट रहीं थीं। इनमें पूजा को चोट लगी थी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
एसपी सिटी अंकित मित्तल ने बताया कि सोमवार सुबह तीनों बहनें रेलवे पुल को पार कर अपने घर ऊंचा गांव रुस्तमपुर जा रहीं थी। बरेली की ओर जा रही ऊना हिमाचल एक्सप्रेस उनके सामने आ गई। तीनों को बचने का रास्ता नहीं मिला था। इस वजह से वह ट्रेन की चपेट में आ गई थीं।