मां के कंकाल के साथ मृत मिली बेटी की मौत का असली सच उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आ गया। मामला, आगरा के अर्जुन नगर का है। वीना अग्रवाल (55) के शव के पोस्टमार्टम से पता चला कि उनकी मौत फेफड़ों में संक्रमण हो जाने से हुई।
माना जा रहा है कि कंकाल से घर में संक्रमण फैल गया होगा। सांस के सहारे उनके फेफड़ों में पहुंच गया होगा। उनका पेट पूरी तरह से खाली मिला है। इसका अर्थ है कि उन्होंने भूखे पेट ही दम तोड़ा था।स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में बताया कि उनकी आंत में थोड़ा सा लिक्विड फूड मिला है।
इससे माना जा रहा है मृत्यु से कुछ दिन पूर्व उन्होंने कुछ खाया था। पुलिस ने रिपोर्ट पर डाक्यरों की राय ली है। डाक्टरों ने बताया कि ये लक्षण भूख मर जाने के होते हैं। इंसान जब जीने की इच्छा छोड़ देता है, तब उसे भूख प्यास का अहसास नहीं रहता।
इस केस में शायद ऐसा हुआ हो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर इसे साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता है। एक अनुमान यह भी है कि वह संक्रमण के चलते बेहोश हो गई हों। बेहोशी की हालत में लंबे समय रहने के बाद उन्होंने दम तोड़ा हो। फेफड़े देखकर ऐसा लग रहा था कि वह फेफड़ों की बीमारी से पहले से ग्रसित थी। मृत्यु के समय संक्रमण बहुत ज्यादा था।