चोटी कटवा का महिलाओं में जबरदस्त दहशत है। मुरादाबाद मंडल में चोटी कटने की दहशत से स्वार क्षेत्र की युवती सबा बी (18) की मौत हो गई है। सबा ने परिजनों को बताया था कि उसके बालों को किसी ने हाथ लगाया था। हालांकि उसकी चोटी नहीं कटी थी लेकिन दहशत में आई सबा चीखकर बेहोश हो गई थी। सबा ने बृहस्पतिवार शाम उत्तराखंड के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
क्षेत्र के छपर्रा का मझरा मिलक असद खां गांव निवासी नामे अली की बेटी सबा बी मंगलवार रात घर में सो रही थी। परिजनों का कहना है कि रात करीब 11 बजे सबा चीख पड़ी। पूछने पर उसने बताया कि उसने किसी साये को अपनी ओर आते देखा। उसने अपनी चोटी कटने की आशंका जताई। दहशत के कारण सबा बेहोश हो गई। इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई।
स्थानीय चिकित्सकों को दिखाने और झाड़-फूंक का सहारा लेने के बाद भी उसकी हालत नहीं सुधरी। इसके बाद परिजन उसे उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर गए। जहां पर बृहस्पतिवार शाम उसकी मौत हो गई। सबा की मौत की सूचना से आसपास के गांवों की महिलाएं खौफ में हैं।