उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर के नई मंडी कोतवाली के एक मोहल्ले में चार युवकों ने किशोरी का अपहरण किया और एक फ्लैट में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। गैंगरेप के दौरान आरोपियों ने वीडियो क्लिप भी बनाई, जिसे सोशल साइट पर वायरल कर दिया गया। भयभीत पीड़िता ने सात दिन बाद परिजनों को घटना के बारे में बताया। शनिवार रात घटना की जानकारी होने पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी को क्षेत्र के ही चार युवकों ने 12 जून को घर के पास से कार में अगवा कर लिया।
पीड़िता ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसका मुंह कपड़े से बंद कर दिया। भोपा रोड स्थित एक फ्लैट पर ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया गया।
घटना के दौरान आरोपियों ने किशोरी की क्लिप भी बनाई, जिसे बाद में सोशल साइट पर वायरल कर दिया। इस दौरान आरोपी किशोरी को जान से मारने की धमकी देते रहे।