जयपुर में नशे की हालत में एक ड्राइवर ने फुटपाथ पर सो रहे 4 मजदूरों पर गाड़ी चढ़ा दी। इनमें से 2 मजदूरों की मौत हो गई और अन्य 2 की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है। हादसा गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास हुआ है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ही एसयूवी के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद उसे जांच के लिए सवाई मान सिंह अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान भूषण सिंह मीना (35) के तौर पर हुई है। वह मूल रूप से करौली जिले का निवासी है। जयपुर (ईस्ट) पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त कावेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी शराब के नशे में था।
पुलिस ने बताया कि जिन मजदूरों पर गाड़ी चढ़ाई गई उन्हें इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया फिर वहां से डॉक्टरों ने उन्हें सवाई मान सिंह अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। कहा जा रहा है कि जिस वक्त हादसा दुआ तब ड्राइवर गाड़ी में अकेला था।
कार कि विंडस्क्रीन पर करौली से भाजपा नेता बद्री मीना का स्टिकर भी लगा है। वहीं चारों पीड़ितों की पहचान जगमोहन मीना (दौसा), सीताराम यादव (मध्यप्रदेश) शाहिद खान (भरतपुर) और नानूराम बैरवा (राजस्थान के बूंदी जिले) के तौर पर हुई है।