इलाहाबाद विश्वविद्यालय से लॉ की पढ़ाई कर रही छात्रा को दोस्ती में धोखा मिला। सोनभद्र में पुलिस विभाग में तैनात दरोगा ने उसका अकाउंट हैक कर लिया और फिर परिचितों को उसके फोटो व आपत्तिजनक मैसेज भेज दिए। एसएसपी के आदेश पर रविवार को कर्नलगंज थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा लिखा गया।
जौनपुर के मुगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता इविवि में विधि की छात्रा है। वह वर्तमान में एक महिला छात्रावास में रहती है। उसने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया है कि डेढ़ साल पहले उसकी फेसबुक पर दिनेश यादव पुत्र रामदास यादव से दोस्ती हुई। उसने खुद को सलोरी कर्नलगंज का रहने वाला बताया। साथ ही यह भी कहा कि वह पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक के पद पर सोनभद्र जिले के कोन थाना में तैनात है।
कुछ दिन तो सबकुछ ठीक रहा लेकिन इसके बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि छात्रा ने उससे दूरी बनाना शुरू किया तो उसने उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की। बाद में उसने छात्रा का फेसबुक अकाउंट हैक कर उसके घरवालों को आपत्तिजनक तस्वीरें व मैसेज भेज दिए। छात्रा को जानकारी मिली तो उसके होश उड़ गए। उसने पुलिस से शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इसके बाद उसने एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसएसपी नितिन तिवारी के आदेश पर रविवार को कर्नलगंज थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। इंस्पेक्टर कर्नलगंज सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दरोगा के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।