बदमाशों के उत्पात से बुजुर्ग महिला की मौत
- फोटो : demo
यूपी के हाथरस में अलीगढ़ रोड स्थित रावत कॉलोनी में लूट के इरादे से शिक्षक दंपति के घर में घुसे बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर दंपति और उनकी बुजुर्ग बुआ की बेरहमी से पिटाई भी की गई। जिससे कुछ देर बाद ही बुजुर्ग महिला ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बदमाश लूटपाट के बाद घर से अपने साथ नकदी और जेवर ले गए। हालांकि बाद में पुलिस के खोजी कुत्ते की मदद से उसे बरामद कर लिया गया। डॉग स्क्वॉयड की निशानदेही पर पुलिस ने गांव किंदौली के एक व्यक्ति को भी हिरासत में ले लिया।
इस मामले में हत्या और लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आगरा की विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम भी जांच में लगी है। सहपऊ ब्लॉक के जूनियर स्कूल के अध्यापक मनोज कुमार कर्दम घर में अपनी पत्नी विनीता और दो बच्चों के साथ सोए हुए थे।
उनकी पत्नी बस्तोई पूर्व माध्यमिक विद्यालय में अध्यापिका हैं। उनकी बुआ लीलावती(65) पत्नी बाबूलाल निवासी दारापुर का नगला, थाना क्वार्सी भी पास के कमरे में सोई हुई थीं। फूफा की मृत्यु के बाद से वह पिछले तीन साल से मनोज के साथ रह रही थीं।
पुलिस ने एक को दबोचा
लूट, क्राइम
- फोटो : demo
मनोज कुमार कर्दम ने बताया कि रविवार की रात चार बदमाश चोरी की नियत से उनके घर में घुसे। पहले वे उनकी बुआ लीलावती के कमरे में गए, पर उनके जाग जाने और विरोध करने पर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी गई। इससे वह लहूलुहान हो गईं।
बदमाशों ने भारी हथियार से उनके सिर और पीठ पर कई वार किए थे। बदमाश मनोज के कमरे में भी घुसे और अलमारी खंगाली। आहट पर जब टीचर दंपत्ति की नींद खुल गई तो उनके हाथ पैर पलंग से बांधकर पिटाई की गई। विनीता ने बताया कि उसकी पिटाई करने के बाद उसे मुंह बंद रखने की चेतावनी दी गई।
बदमाश अपने साथ दो मोबाइल फोन, कई जोड़ी कुंडल, चार अंगूठी, चेन और 40 हजार नकद एक बक्से में रखकर ले गए। उनके जाने के बाद मनोज ने किसी तरह खुद को बंधन मुक्त किया और शोर मचाते हुए बदमाशों के पीछे भागे। लेकिन उन्हें पकड़कर पिटाई कर दी गई। जिससे वह घर के बाहर अचेत होकर कर गिर गए।