ऐसी कौन सी बात हो गई जिसने एक चौकी इंजार्ज को आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। एक दरोगा ने खुद को अपनी सर्विस रिवॉल्वर से उड़ा लिया। घटना से कुछ देर पहले ही वो एसपी सिटी से मिलकर आए थे।
घटना बुलंदशहर की है। नरसलघाट चौकी इंचार्ज प्रदीप कुमार ने पत्नी से विवाद के बाद सोमवार को घर में अपनी सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना से कुछ देर पहले ही एसपी सिटी ने पति-पत्नी को समझाकर घर भेजा था।
एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि प्रदीप का अपनी पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा था। संभवत: इसी के चलते प्रदीप ने आत्महत्या की है। फिलहाल पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
मूलरूप से इटावा जिले के थाना नोझल स्थित गांव गुलाबपुरा निवासी प्रदीप कुमार 2012 में पुलिस में भर्ती हुए थे। वर्ष 2013 में पहली नियुक्ति जनपद के गुलावठी थाने में हुई थी। उसके बाद बुलंदशहर में नई मंडी चौकी, कोतवाली नगर में उनकी तैनाती रही।
वर्तमान में वह कोतवाली नगर के नरसलघाट चौकी प्रभारी के पद पर तैनात थे और नगर के हरि इंक्लेव स्थित धर्मपाल के मकान में किराए पर दो माह से रह रहे थे। प्रदीप कुमार की शादी 28 अप्रैल 2016 में ग्वालियर निवासी गुंजन से हुई थी। पत्नी गुरुग्राम में जॉब करती है।