उत्तर प्रदेश के मेरठ में छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। चौंका देने वाली बात है कि छात्र का शव खेत के अंदर टुकड़ों में बरामद हुआ। कातिल ने हैवानियत दिखाते हुए पहले उसका गला रेता और फिर शरीर के कई अंगों को अलग कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग के कारण छात्र की हत्या की गई है।
हत्या के बाद कोतवाली से करीब नौ किलोमीटर दूर महतौली गांव में सनसनी फैल गई। यहां अमर सिंह के 15 वर्षीय बेटे राजा उर्फ राजन की हत्या हुई। राजन समीप के गांव कुरलकी के स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ वह घर के सामने रेहड़ी लगाकर अंडे बेचता था।
पिता अमर सिंह के मुताबिक, मंगलवार की शाम करीब छह बजे राजा जंगल में जाने की बात कहकर उसे रेहड़ी पर खड़ा करके गया था। जब काफी देर तक नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की गई।
शरीर के कई अंग कटे हुए मिले
बुधवार की सुबह करीब 9:30 बजे गांव के राजेंद्र और पिंटू खेतों पर गए थे। जब वह चकरोड पर पहुंचे तो उन्हें वहां खून पड़ा दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत गांव में जाकर इसकी सूचना दी तो वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। तलाश करने पर राजन का टुकड़ों में बंटा हुआ शव चकरोड से काफी दूर ईख के खेत में पड़ा मिला। राजन का तेज धारदार हथियार से गला कटा हुआ था तथा एक आंख, हाथ, निजी अंग आदि कटे पड़े थे।
सूचना पर सीओ नरेंद्र राणा, कोतवाल चमन सिंह चावड़ा और एसपी देहात रफीक अहमद डॉग स्कवायड के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। एसपी देहात के मुताबिक जिस तरह राजन के शरीर को काटा गया उसे देखकर लग रहा है कि प्रेम प्रसंग के चलते उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। मौके से एक चप्पल मिली है जिसे जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। कातिल का पता लगाने के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया है।