अगर आप भी फेसबुक पर ज्यादातर अपना समय बिताते हैं और फेसबुक पोस्ट पर लाइक्स पाने का जुनून है तो ये चाहत आपको कहीं महंगी साबित न हो जाए। दरअसल, महाराष्ट्र के नागपुर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है जिसमें युवक पंकज डोइफोड (25) रोजाना एक पोस्ट अपनी फेसबुक वॉल पर शेयर करता था।
पंकज नागपुर नदी हादसे में सेल्फी लेने के चक्कर में डूबने वाले आठ युवकों में एक था। उसकी सेल्फी के प्रति दीवानगी थी। उसे रोजना अपनी फेसबुक वॉल पर नयी जगहों में जाने, कपड़े खरीदने और खुद की तस्वीरें क्लिक कर फेसबुक पर शेयर करने का क्रेज था। सोशल मीडिया से उसका खासा लगाव था। मृतक पंकज के दोस्त विक्रांत बोरकर ने कहा कि वह फेसबुक पोस्ट पर लाइक्स और कमेंट का पूरा रिकॉर्ड रखता था।
हालांकि पंकज की सेल्फी के प्रति क्रेज का जुनून उस वीडियो में दिखाई देता है जो उसने नदी में डूबने से पहले अपने फेसबुक पेज पर शेयर किया था। उस वीडियो में उसके साथ और दोस्त भी मौजूद थे। डूबने से पहले नाव पर फेसबुक लाइव किया गया पंकज का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है।
आपको बता दें कि मंगलवार की शाम तक पंकज की आखिरी फेसबुक पोस्ट में 3500 से अधिक लाइक्स और 606 कमेंट थे। इसके अलावा इस वीडियो को 1528 लोगों ने शेयर किया है। बहरहाल वो इंसान अब इस दुनिया में नहीं रहा जो अपनी पोस्ट पर लोगों की लाइक्स और कमेंट का दीवाना था। गौरतलब है कि नागपुर में रविवार शाम को नाव पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में आठ युवकों की डूबने से मौत हो गयी थी। हादसा वेना बांध पर हुआ था।