उत्तर प्रदेश में सहारनपुर की कांशीराम कॉलोनी में छेड़छाड़ के विरोध में जलाई गई कक्षा नौ की छात्रा ने इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन में आरोपी मां और दो बेटों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र की पेपर मिल रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में 31 मई को छात्रा पिंकी जल गई थी, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप था कि पड़ोसी युवकों ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई है।
सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर लोगों से पूछताछ की थी। छात्रा के परिजनों की ओर से तहरीर दी गई थी, जिसमें मोहल्ले में ही रहने वाले बंगाली परिवार की महिला तथा उसके बेटों मनोज और विनोद पर छात्रा को जलाने का आरोप लगाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराए गए थे।
छात्रा ने बयान में भी पड़ोसियों पर ही आरोप लगाया था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। करीब 90 फीसदी जल जाने की वजह से पिंकी जिंदगी और मौत के बीच झूल रही थी। बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया। देहात कोतवाली प्रभारी विजय गौतम ने छात्रा की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनका चलान भी कर दिया गया है।