मुंबई में एक बिल्डर ने कार के अंदर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। बिल्डर का नाम जिगर ठक्कर है और उसने एक स्कैम में नाम शामिल पाए जाने के बाद ये खौफनाक कदम उठाया है। ठक्कर के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
ठक्कर साउथ मुंबई से चेंबुर ऑफिस की तरफ जा रहा था और इस बीच उसने अपने ड्राइवर सुशील सिंह ने कार को मरीन ड्राइव के पास रोकने को कहा। इसके बाद ड्राइवर के बाहर जाते ही ठक्कर ने अपनी लाइसेंस वाली गन निकाली और खुद पर फायर कर दिया। फायरिंग आवाज सुनते ही सुशील ने कार में देखा तो ठक्कर खून से लथपथ था।
हालांकि, सुसाइड का कारण नहीं पता चल पाया है, लेकिन यह तय माना जाना रहा है कि वह बिजनेस में घाटे से परेशान चल रहा था। इतना ही नहीं महाराष्ट्र एंटी करपश्न ब्यूरो की ओर से सिंचाई घोटाले को लेकर दर्ज की गई चार्जशीट में भी ठक्कर का नाम शामिल था।
रिपोर्ट्स के मुताबिक मोखाबर्दी टेल कैनल केस पर चार्जशीट दाखिल की गई है, जिसमें विदर्भ में कई जगह गैरजिम्मेदारी निभाई गई। इस केस में 11 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई और उनमें जिगर, उसके पिता प्रवीण और भाई विशाल भी शामिल हैं।