उत्तर प्रदेश के बदायूं में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। बदायूं के बिसौली कोतवाली के साहनपुर गांव में एक युवती के परिवार वालों ने उसके प्रेमी को जहर खिलाकर मार डाला। मृतक की पहचान नीरज के रूप में हुई है और उसके पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती के माता-पिता और भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
मामला दो समुदायों से जुड़ा होने की वजह से गांव में तनाव का माहौल है, इसलिए इलाके में पुलिस को तैनात कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव साहनपुर के नीरज (26) का गांव की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती दूसरे समुदाय की है। युवती के परिवार वाले इसके खिलाफ थे।
प्रेमिका का भाई घर से बुलाकर ले गया था
बुधवार सुबह युवती का पिता और भाई नीरज के घर पहुंचे और उसे बुलाकर अपने साथ ले गए। शाम को नीरज बदहवास हालत में अपने घर लौटा। उसके मुंह से झाग आने के साथ उल्टियां भी हो रही थीं। घरवालों के पूछने पर नीरज ने बताया कि युवती के माता-पिता और भाई ने उसे पकौड़ी में विषाक्त पदार्थ खिला दिया है।
परिवार के लोग नीरज को लेकर बिसौली सीएचसी आ रहे थे कि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। रात करीब 11 बजे पिता महेशपाल बिसौली कोतवाली पहुंचा। उसने युवती के माता-पिता और भाई के खिलाफ हत्या की तहरीर दी।
पिता ने पहुंचते ही दर्ज कराई शिकायत
पुलिस ने मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम में विषाक्त से मौत की आशंका जताई गई है। विसरा प्रिजर्व किया गया है। बदायूं में सिर्फ दो महीने में ऑनर किलिंग की यह तीसरी वारदात है। अपने ही अपनों के खून के प्यासे बन रहे हैं। दो महीने में चार जान जा चुकी हैं। ऑनर किलिंग के तीन मामलों में दो मामले अलग-अलग समुदाय के हैं।