हाथरस। मंडी समिति में मोबाइल के विवाद को लेकर एक 22 वर्षीय युवक की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव चिंतापुर बदन के रहने वाला अजय पुत्र महेंद्र सिंह ट्रक ड्राइवर था। दो भाइयों और चार बहनों में सबसे बड़े अजय परिवार में अकेला कमाने वाला था। अजय के पिता महेंद्र सिंह के मुताबिक उनके बेटे ने पास के गांव नगला अलगर्जी के रहने वाले चमन पुत्र कालीचरण से कुछ दिनों के लिए एक मोबाइल लिया था।
शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चमन ने अजय को मोबाइल लौटाने के लिए फोन किया। इस दौरान आरोपियों ने अजय के साथ जमकर गाली-गलौज की और मोबाइल नहीं लौटाने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। अजय की मां पांसुरी देवी मुरसान ब्लॉक में आशा कार्यकर्ता हैं। उन्हें दिल की बीमारी है। अजय को भी कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। अजय अपनी और मां की दवा लेने के लिए शहर की ओर आया।
तीनों भाइयों ने इतना पीटा कि अजय की मौत हो गई !
चमन को मोबाइल लौटाने के लिए वह मोबाइल को भी साथ ले आया। मंडी की टूटी चारदीवारी से अंदर आकर वह बाजार की ओर जा ही रहा था कि आरोपी चमन उसे मिल गया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। चमन ने फोन कर अपने बड़े भाई डीएम उर्फ पवन को बुला लिया। चमन का तीसरा भाई और एक अन्य आरोपी भी मौके पर आ गए। चारों आरोपियों ने अजय को पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने अजय के पेट में जमकर लात-घूंसे बरसाए। अजय अपना पेट पकड़कर जमीन पर गिर पड़ा।
तभी गल्ले मंडी में मजदूरी करने वाले अजय के चचेरे भाई राजा की नजर उस पर पड़ गई। उसने आरोपियों को मौके से भागते हुए देख लिया। राजा ने फोन कर अजय के परिजनों को मौके पर बुलाया। पुलिस को भी फोन किया गया, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। काफी देर तक अजय यूं ही मंडी में पड़ा रहा, लेकिन मदद को कोई आगे नहीं आया।
मौत से पहले अजय ने बताए आरोपियों के नाम !
परिजनों के पहुंचने पर अजय ने उन्हें आरोपियों के नाम बताए। उसने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। परिजन किसी तरह अजय को लेकर दोपहर को तीन बजकर 50 मिनट पर जिला अस्पताल पहुंचे। तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण अजय की मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने अजय को मृत घोषित कर दिया। अजय की मौत से परिजन सन्न रह गए।
अजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जा रहे अजय की मां पुलिसकर्मियों से भिड़ गईं। उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे अपने ही परिजनों पर भी उन्होंने हाथ उठा दिया। बमुश्किल परिजनों ने उन्हें काबू किया। कोतवाल हाथरस गेट अनिल कुमार सिंह का कहना है कि पिता महेंद्र सिंह की शिकायत पर तीन सगे भाइयों समेत चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।