हजारों करोड़ के ड्रग रैकेट में पकड़ी गई अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। ठाणे पुलिस अब दो हजार करोड़ के ड्रग मामले में ममता की बहन और एक बैंक मैनेजर से पूछताछ करेगी। पुलिस ममता कुलकर्णी के खिलाफ अब और सबूत जुटाने में लगी है।
कुछ महीने पहले ठाणे के एक इलाके से करीब दो हजार कारोड़ की कीमत का ड्रग बरामद हुआ था। मामले की पुलिस ने जांच की तो इसमें बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री ममता कुलकर्णी और उनके पति अंतरराष्ट्रीय ड्रग माफिया विक्की गोस्वामी का हाथ सामने आया।
मिड-डे के अनुसार, पुलिस ने ममता कुलकर्णी को मुख्य आरोपी बनाते हुए कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। ममता कुलकर्णी को गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ हुई तो पुलिस को पता चला कि ममता केन्या से ड्रग रैकेट चला रही थी। इस रैकेट में कई लोग शामिल हैं जिनमें एक ममता की बहन भी है।
ममता कुलकर्णी की बहन और बैंक मैनेजर से होगी पूछताछ
ममता कुलकर्णी
महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने मामले में ममता कुलकर्णी की बड़ी बहन मोलिना मुकुंद कुलकर्णी और बैंक मनेजर संजय शर्मा को पूछताछ के लिए बुलाया है।
नाकोटिक्स विभाग के एक अधिकारी ने बताया है कि जब ममता केन्या से ड्रग रैकेट चला रही थीं तब उनकी बहन और एक बैंक मैनेजर लगातार ममता के संपर्क में थे। इन दोनों लोगों के खिलाफ सम्मन भेजा गया है। पूछताछ में ममता के खिलाफ में और सबूत जुटाए जाएंगे।
पुलिस ने बताया कि ममता की बहन मालिना से पूछताछ कर पता किया जाएगा कि उन्हें ममता कुलकर्णी के ड्रग रैकेट के बारे में पता था या नहीं। फोन रिकॉर्ड से पता चला है कि दोनों बहने रोज एक-दूसरे से बातचीत करती थीं लेकिन वे एक-दूसरे के हाल चाल ही पूछती थीं।
बैंक मैनेजर ममता से रोज क्यों करता था बात?
पुलिस ने कहा है कि बैंक मैनेजर का ममता के संपर्क में रहने की बात पहली बार सामने आई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी बैंक मैनेजर पिछले 15 सालों से ममता कुलकर्णी के संपर्क में था। उसे एक महीने में तीसरी बार पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा। यह पूछताछ का विषय है कि बैंक मैनेजर संजय शर्मा ममता के संपर्क में क्यों था।
जब से ममता कुलकर्णी ने संजय शर्मा की शाखा में खाता खुलवाया उसके तीन महीने बाद ही वह ममता को फोन करने लगा था। ममता अक्सर उससे खाता चेक करने के लिए कहती और कभी पैसे ट्रांसफर करने के लिए भी। पिछली पूछताछ में संजय ने पुलिस से दावा किया है कि उसके बैंक में ममता के छह खाते हैं।